रायपुर (वीएनएस)। शहर के शाश्वत सिंह ने कैट 2021 में 99.79 प्रतिशत अर्जित कर शहर एवं पॉवर कंपनी परिवार को गौरवान्ति किया। रोमन्स क्यू बिला लाभाण्डी निवासी आई.आई.टी. दिल्ली के छात्र रहे हैं। वर्तमान में मुंबई में जॉब कर रहे हैं। कैट 2021 परीक्षा के परिणाम आई आई एम अहमदाबाद द्वारा घोषित किये गये। विदित हो कि शाश्वत सिंह के पिता संजीव सिंह छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में एस.ई एवं उनकी माता महिमा सिंह गवर्नमेंट स्कूल में लेक्चरर के पद पर पदस्थ हैं। शाश्वत प्राथमिक स्तर से ही पढ़ाई में होनहार रहे हैं। पॉवर कंपनी की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की गई।
]]>
रायपुर (वीएनएस)। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर को लेकर कोई भी तैयारी नहीं है और न ही प्रदेश सरकार ने पिछली लहर से कोई सबक ली है। जो हालत कोरोना को लेकर प्रदेश की जनता ने देखा है उसे लेकर भी प्रदेश की सरकार को कोई चिंता नहीं हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बैठक केवल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को खुश करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में दवाई आपूर्ति को लेकर जो स्थिति बनीं हुई थी उसे लेकर अब तक प्रदेश सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। कोरोना के नाम पर केवल भ्रष्टाचार करना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता बन चुकी है। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार देश में टीकाकरण से लेकर कोरोना के बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, जिस अभियान को प्रदेश की कांग्रेस सरकार राजनीतिक चश्मे से देखते हुए खुद को दूर रख लिया है। जिससे प्रदेशवासियों को नुकसान हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि 13 से 17 साल आयु वर्ग के लिए जो टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है उसे युद्ध गति से पूरा करने की जरूरत है। इस दिशा में प्रदेश की सरकार क्या कर रही है यह भी बताना चाहिए। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में किस तरह की तैयारी अब तक की गई है यह भी एक सवाल है? उन्होंने कहा कि इस विषय परिस्थिति में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है उसके पास कोविड प्रोटोकाॅल को पालन करने के अलावा कोई और जरिया नहीं हैं। इसलिए हमें ऐतिहात बरतते हुए परिवार, समाज को सुरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश वासियों से कोरोना प्रोटोकाॅल का पालन करने की अपील की है।
रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की मांग को स्वीकार करते हुए दिल्ली में हुई जीएसटी कॉउन्सिल की बैठक में कपड़ा पर 1 जनवरी से 5 प्रतिशत के स्थान पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगाने के निर्णय को वापस लिया गया।
जीएसटी कौंसिल के इस निर्णय से प्रदेश के लाखों कपड़ा व्यापारियों को राहत मिलेगी जो पिछले एक महीने से ज्यादा समय से बेहद तनाव में थे। छत्तीसगढ़ चेम्बर की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए दी रायपुर थोक कपड़ा व्यापारी संघ लि. के अध्यक्ष चंदर विधानी, कार्यकारी अध्यक्ष जयचंद नवानी, कोषाध्यक्ष मूलचंद खत्री, उपाध्यक्ष-पृथ्वीपाल सिंह छाबड़ा, सरल मोदी, रायपुर होलसेल होजियरी एंड रेडिमेड डीलर्स एसोसियेशन के अध्यक्ष विजय मुकीम, सचिव विनय कोचेटा एवं उपाध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष श्री अमर पारवानी जी का आभार व्यक्त किया।
रायपुर (वीएनएस)। वैकुण्ठपुर नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर जांच कमेटी गठित करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के मीडिया प्रभारी नालिनीश ठोकने ने कहा कि जांच की नौटंकी करने की जगह कांग्रेस यह सत्य स्वीकार कर ले कि यह कांग्रेसी सत्ता संघर्ष का नतीजा है, जिसके लिए कोई डहरिया या मरकाम नहीं बल्कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही जिम्मेदार हैं।
श्री ठोकने ने कहा कि यह परिणाम तय हो गया था जब वहां चुनाव प्रभारी बनने से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने इंकार कर दिया था। अभी तो सत्ता संघर्ष ने गुल खिलाना शुरू किया है। बैकुण्ठपुर तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर दो साल बाद रिलीज हो जाएगी।
श्री ठोकने ने कहा कि बैकुंठपुर ने कांग्रेस को उसकी आंतरिक स्थिति से परिचित करा दिया और छल बल से नगरीय निकाय चुनाव जीतने की साजिश रचने वाले भूपेश बघेल को आइना दिखा दिया तो वे हवा में उड़ते उड़ते जमीन पर आ गए। उनकी खीज बता रही है कि हकीकत का सामना करने की उनकी फितरत ही नहीं है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का सपना देख रहे भूपेश बघेल जी खबरदार हो जाएं कि उनका ताश का महल भरभराकर गिरने का समय आ गया है। उलटी गिनती शुरू हो गई है। यह सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और अगले चुनाव तक यह सत्ता संघर्ष अपने चरम पर पहुंचकर अवश्य ही कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ का मार्ग प्रशस्त करेगा।
रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के बयान को उनके मानसिक संक्रमण का प्रभाव ठहराते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरोना की रोकथाम, जांच, इलाज और नए वैरियंट ओमिक्रोन के फैलाव को रोकने के लिए पहले से ही समुचित इंतजाम कर रखे हैं और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश की जनता के स्वास्थ्य के लिए संवेदनशील हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी इंतजाम की जानकारी ली है। इस पर भी भाजपा ओछी राजनीति और घटिया मानसिकता का भौंडा प्रदर्शन करने से बाज नहीं आई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि जब देश में कोरोना आया भी नहीं था, तब हमारे पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने जनता की चिंता करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आगाह किया था लेकिन मोदी जी ने न केवल कोरोना को भारत बुलाया, छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में फैलाया बल्कि जनता की जान से खिलवाड़ करते हुए छत्तीसगढ़ के लोगों से राजनीतिक बदले की भावना से भेदभाव किया। छत्तीसगढ़ ने भाजपा को नौ सांसद दिए, इसका अहसान चुकाना तो दूर, छत्तीसगढ़ को जरूरत के मुताबिक टीके देने में भी आनाकानी की। अन्य प्रांतों में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों को लाने के लिए जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ट्रेन मांग रहे थे तब मोदी और तत्कालीन रेल मंत्री छत्तीसगढ़ के साथ राजनीति कर रहे थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि तब भाजपा के सांसद और राष्ट्रीय पदाधिकारी का तमगा लगाकर घूमने वाले मौत का तमाशा देख रहे थे। भूपेश बघेल सरकार के प्रयासों में बाधा खड़ी कर रहे थे। भाजपा के पंद्रह साल में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट कर देने वालों ने अपनी विनाशलीला पर प्रायश्चित करने की बजाय कांग्रेस सरकार की जुझारू कोशिशों की नुक्ताचीनी करने को ही अपना धर्म समझ रखा था। अब तीसरी लहर को लेकर भी भाजपा ने अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर अपने कार्यकाल के घपले घोटाले, कांड और बदइंतजामी को याद करें और यहां पैंतरेबाजी दिखाने की जगह मोदी और योगी को रोकें टोकें जो यूपी में यमराज की भूमिका निभाने बेताब हैं। यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी जनता को जैसे पहली और दूसरी लहर में बचाया, वैसे ही तीसरी लहर में भी बचा रहे हैं।

रायपुर (वीएनएस)। बिरगांव नगर निगम चुनाव में विजयी कांग्रेस के सभी पार्षदों, और कांग्रेस को समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षदों ने रायपुर ग्रामीण के विधायक एवं पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम से मुलाकात कर नव वर्ष की बधाई दी और एकजुटता का संकल्प लिया। विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि बिरगांव महापौर चुनाव में भाजपा का कोई भी षड्यंत्र और लोकतंत्र पर डकैती के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। कांग्रेस पार्टी के महापौर प्रत्याशी की बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित है। इस अवसर पर एआईसीसी के सदस्य और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा, पीसीसी महामंत्री और बिरगांव नगर निगम चुनाव में ऑब्जर्वर रवि घोष, मोतीलाल देवांगन, राजेंद्र साहू, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा सहित कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आमजन में बढते भरोसे और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिश्रम से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को एकतरफा जनादेश मिला है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी लगातार लोकतांत्रिक मूल्यों को खंडित कर जनादेश पर डाका डालने का कुत्सित प्रयास कर रही है। बिरगांव की जनता ने अपना स्पष्ट जनादेश कांग्रेस के पक्ष में दिया है और अब 6 पार्षदों के समर्थन के बाद 40 सदस्य बिरगांव नगर निगम में कांग्रेस पार्षदों की संख्या 25 हो गई है। कल होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस पार्षद पूरी तरह से एकजुट हैं और बिरगांव नगर निगम में कांग्रेस महापौर का निर्वाचित होना सुनिश्चित है।
रायपुर (वीएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारणी की बैठक राजीव भवन में हुई। बैठक में सदस्यता अभियान, बूथ कमेटी गठन पर चर्चा, जिलों में बन रहे राजीव भवनों के निर्माण पर प्रगति चर्चा एवं अन्य सांगठनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के शुरूआत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि आज की बैठक में हम अपने आने वाले कार्यक्रम का लक्ष्य निर्धारित करेंगे। हमें सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। हमें अपने सरकार के महत्वपूर्ण योजनाओंका लाभ जनता तक पहुंचाना। संगठन की मजबूती सरकार की योजना दो ऐसे हथियार है जो हमें जनता के और करीब ले जायेंगे। इन्हीं के बदौलत हमने नगरी निकाय चुनाव में जनता का विश्वास जीता है। बैठक में सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने अपने क्षेत्रों में बूथ कमेटियों सदस्यता अभियान, भवन निर्माण के संबंध में प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तृत किया। बूथ कमेटी गठन के प्रभारी विनोद वर्मा ने बूथ कमेटियों के गठन की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 15 निगमों में चुनाव हुये, बहुत सारे उपचुनाव हुए, जिनमें भारी सफलता मिली। इसके लिये प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन मरकाम और पीएल पुनिया को बधाई, सबने मिलकर काम किया। हम सब सफल हुए।
दो जगह जामुल, खैरागढ़ में हम सफलता नहीं हुए। भिलाई चरोदा में पहली बार कांग्रेस का महापौर सभापति बना उसके लिए बधाई। कोरिया में दिक्कतों के बाद हम जीतकर आये प्रेमनगर जीत कर आये, सुरजपुर जिला वहां के विधायक को बधाई। कोरिया कार्यकर्ताओं ने जो मेहनत किया उसको पानी में डुबाने का काम हुआ। इसमें कार्रवाई होना चाहिये अनुशासन का डंडा चलना चाहिये। पिछले चुनाव में हमने बूथों में जाकर कमेटियां गठन किया। सुरगुजा, रायपुर, राजनांदगांव सब जगह हमने बड़ा आयोजन कर मेंम्बरशिप अभियान किया।
वर्तमान में भी कार्यक्रम होना चाहिये। मंत्री, वरिष्ठ विधायकों, निगम मंडल के पदाधिकारियों को बुलाओ कार्यक्रम करिये, अभियान चलाये तब कार्यक्रम चलेगा। इसका प्रचार होना चाहिये, सारे प्रभारियो का दौरा होना चाहिए, लोग आपके कार्यक्रमों से जुड़ेगे कार्यक्रमों का प्रचार करेंगे तब लोग जुड़ेंगे। बूथों की बैठक हो, ब्लाक जोन सेक्टर की बैठक हो, इन्हीं कार्यकताओं की बदौलत 2023 का चुनाव लड़ना है। सबके मेहनत से ही साकार बनना है। आने वाले 21 अगस्त को राजीव गांधी की जयंती तक राजीव भवन तैयार हो। धान खरीदी चल रही है।
केन्द्र न बारदाना दे रहा और न उसना चावल लेगा फिर भी हम धान पूरा खरीदेंगे। कांग्रेस के कार्यकर्ता किसान के साथ खड़े है। उनके धान खरीदी में दिक्कत न हो। चिराग योजना में कमजोर क्षेत्रो के लोगो को लाभान्वित कर रहे इसकी जानकारी लोगो को बताये। शासन योजना की पूरी जानकारी हो, सदस्यता अभियान को प्राथमिकता हो, 10 लाख सदस्य का लक्ष्य मेहनत से हासिल में खुद हर ब्लाक में जाउंगा। मार्च के बाद दौरा ही चलेगा।
बैठक में प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि प्रदेश कार्यकारणी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कमेटी है। इसकी जिम्मेदारी भी उतनी बड़ी है। हमने पिछले चुनाव के समय बूथो में जाकर कमेटी बनायी। सभी वरिष्ठ नेताओं को एकत्रित कर हमने बूथ गठन कर उत्सव मनाया था। हमें आगे भी उसी उत्साह से बूथ कमेटी का गठन करना है। जहां पर बूथ कमेटियों के गठन में काम अच्छा नहीं किया गया उसको सुधारना होगा।
जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारियों के कामों की समीक्षा प्रदेश कांग्रेस कमेटी करें। जहां परिवर्तन की आवश्यकता हो वहां परिवर्तन किया जाये ताकि संगठन में गति हो सरकार के काम को जनता तक पहुंचाना पदाधिकारयों की जिम्मेदारी है। इस काम को अभी से शुरू करना है। सरकार के काम जनता तक पहुंचाने के लिये पदाधिकारियों ने क्या किया इसकी भी समीक्षा की जायेगी संगठन में। जिले के संगठन प्रभारी महिने में कम से कम दो बार जरूर जाये। नगरी निकाय चुनाव की जीत की मैं आप सबको बधाई जनता ने सरकार के काम पर मुहर लगाई है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, फूलोदेवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्षगण प्रतिमा चंद्राकर, अरूण सिघानिया, अंबिका मरकाम, चुन्नीलाल साहू, पी.आर. खुंटे, प्रेमचंद जायसी, बीरेश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला महामंत्रीगण कन्हैया अग्रवाल, डॉ. थानेश्वर पाटिला, रंजीत कोसरिया, अमरजीत चावला, राजेन्द्र साहू, आरती सिंह, सुमित्रा धृतलहरे, अरूण सिसोदिया, अर्जुन तिवारी, गोपाल थवाईत, सीमा वर्मा, शाहिद खान, सदस्य कार्यसमितिगण कैलाश पोयाम, लालजी चंद्रवंशी, विष्णुदेव यादव, जिला शहर अध्यक्षगण गिरीश दुबे, उधो वर्मा, हितेन्द्र ठाकुर, भावसिंह साहू, डॉ. रश्मि चंद्राकर, शरद लोहाना, चंद्रप्रभा सुधाकर, गया पटेल, बंशी पटेल, कुलबीर छाबड़ा, नीलकंठ चंद्रवंशी, राजीव शर्मा, बलराम मौर्य, महेश्वरी बघेल, झुमुक दीवान, सुभद्रा सलाम, अवधेश गौतम, विजय पाण्डेय, विजय केशरवानी, सागर सिंह बैस, सुरेन्द्र जायसवाल, राघवेन्द्र सिंह, अनिल शुक्ला, अरूण मालाकार, मनोज सागर यादव, भागवती राजवाड़े, राजेन्द्र तिवारी, नजीर अजहर मोर्चा, संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ अध्यक्षगण अरूण ताम्रकार, पूर्णचंद कोको पाढ़ी, संजय सिंह इम्तियाज हैदर, देवा देवांगन, रामविलास साहू, डॉ. चौलेश्वर चंद्राकर, जयवर्धन बिस्सा, इदरीश गांधी, सद्दाम सोलंकी, प्रवीण जैन उपस्थित थे।
रायपुर (वीएनएस)। सात समुंदर पार जर्मनी में रहने वाले विजयेश और सृष्टि की पुत्री श्रेष्ठा 1 जनवरी और पुत्र अद्विक 3 जनवरी का जन्मदिन मनाने खरियार रोड ओडिसा से उनके दादा हरिकृष्ण एवं दादी रीता निगम रायपुर पहुंचे। दोपहर भोजन उपरांत माना कैम्प रायपुर स्थित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम और बालगृह में निवासरत मानसिक दिव्यांग बच्चों के बीच प्रतिकात्मक रूप से डिजिटल माध्यम से संगीतमय हर्षोल्लास से दोनो बच्चों का जन्मदिन मनाया गया।
सत्यम निगम, प्रीति निगम एवं कुलदीप कोल्हेकर ने शानदार संगीत की प्रस्तुति दिए। श्रेष्ठा और अद्विक की फ़ोटो के समक्ष केक काटकर फल, मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर वृध्दाश्रम के सचिव बिमल घोषाल, अधिक्षिका लीला यादव, पारूल चक्रवर्ती, राजेन्द्र, कृष्ण कुमार, बिपिन कुमार, आशीष बालगृह की अधीक्षक कोशल्या शामिल हुए।
कुलदीप निगम वृध्दाश्रम परिवार एवं बालक गृह के समस्त कर्मचारियों ने श्रेष्ठा और अद्विक के जन्मदिन पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखी जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किये।
रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम ने सोमवार को रायपुर में स्कूलों का निरीक्षण कर बच्चों के कोविड टीकाकरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रीमती नेताम कालीबाड़ी चौक स्थित जे.आर.दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और चौबे काॅलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची और टीकाकरण के बाद छात्राओं का हालचाल जाना। श्रीमती नेताम ने समी पात्र किशोर-किशोरियों से कोविड टीका लगाने की अपील की है।
श्रीमती नेताम ने स्कूली बच्चों को टीकाकरण के बाद भी कोविड-19 से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों के पालन के बारे में समझाया। उन्होंने बच्चों को सुरक्षा केे लिए पूरे समय मास्क लगाने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने छात्राओं से टीका लगाने के पहले भोजन या नाश्ता खाकर आने की बात कही। श्रीमती नेताम ने टीकाकरण की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए स्कूलों के प्राचार्यों से टीकाकरण के दौरान बच्चों को ज्यादा देर खड़े न रखने और उनके बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने कहा है।
रायपुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने निवास कार्यालय में प्रदेश में रि-जनरेटिव डेव्हलपमेंट को गति प्रदान करने के लिए गठित छत्तीसगढ़ ग्रीन काउंसिल की प्रथम बैठक ली। ग्रीन काउंसिल के माध्यम से राज्य में हरित एवं टिकाऊ अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे। रि-जनरेटिव डेव्हलपमेंट (पुनरूत्पादन विकास), सस्टेनेबल डेव्हलपमेंट से अधिक प्रगतिशील अवधारणा है, जिसमें उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग के साथ-साथ संसाधनों की गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ न्यू एज ग्रीन ईकोनाॅमी के तहत लाईवलीहुड से स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि के लिए कार्य किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने बैठक में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की हरित राज्य के रूप में ब्रांडिंग, जैविक उत्पादों के मार्केट लिंकेज, प्रशिक्षण के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की क्षमता निर्माण, जिलों की विशेषता के अनुसार विकास और स्थानीय निवासियों को जोड़कर आर्थिक मूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सम्भवतः देश का पहला राज्य है, जहां ग्रीन काउंसिल का गठन किया गया है।
हरित परिषद की बैठक में पर्यावरणीय मुद्दे को हल करने के लिए परिषद के दृष्टिकोण और मुख्य गतिविधियों को अंतिम रूप दिया गया। सरकार की पहल में स्थायी वन, औषधीय, हर्बल और अन्य उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए महिला स्व-सहायता समूहों की क्षमता का निर्माण, छत्तीसगढ़ में विशेषज्ञ कंपनियों को आमंत्रित करना और राज्य के भीतर कार्बन क्रेडिट कार्यक्रम शुरू करना शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों के दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्यावरण हितैषी अनेक योजनाएं जैसे सुराजी गांव योजना के अंतर्गत नरवा, गरूवा, घुरूवा, बाड़ी योजना, गोधन न्याय योजना, गौठानों में गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने का कार्य, फसल कटाई के बाद खेतो में बचे पैरे को एकत्र कर उसका मवेशियों के चारे के रूप में उपयोग को प्रोत्साहित करना, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वन क्षेत्रों में विस्तार के साथ-साथ स्थानीय वनवासियों की आय में वृद्धि, लघु वनोपजों में वेल्यू ऐडिशन प्रारंभ की गई हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण को गति दे रही हैं। इन योजनाओं की देश-विदेश में सराहना की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कार्बन उत्सर्जन के संबंध में कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग से हम जैविक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। पराली न जलाकर उसका उपयोग चारे के रूप में करने से कार्बन उत्सर्जन (प्रदूषण) में कमी ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ सिक्किम के बाद दूसरा जैविक राज्य साबित हो सकता है। श्री बघेल ने बैठक में कहा कि स्व-सहायता समूहों द्वारा जो उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, उनकी मार्केटिंग और प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ में विशेषज्ञ कम्पनियों की सेवाओं को लेने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि बहुत से स्व-सहायता समूह बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्हें प्रशिक्षण देकर नया कौशल सिखाया जा सकता है। उन्होंने इस परिपे्रक्ष्य में कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सोलर पैनल और जड़ी-बूटियों से वनौषधियां तैयार कराई जा सकती है। कोरबा में वनौषधियों के क्षेत्र में स्व-सहायता समूह अच्छा कार्य कर रहे हैं। वनौषधियों का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा बाजार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में रि-जनरेटिव डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाए। जिलों की विशेषता का चिन्हांकन कर विशेषज्ञों की सहायता से वहां विकास के कार्य किए जाएं। उन्होंने छत्तीसगढ़ की ब्रांडिंग की दिशा में भी प्रयास करने के निर्देश दिए। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में इस तरह का प्रगतिशील कदम उठाने वाला छत्तीसगढ़ पहला राज्य होगा।
बैठक में वन मंत्री मोहम्मद अकबर, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डाॅ. शिव कुमार डहरिया, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव वन और उद्योग मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, कृषि उत्पादन आयुक्त डाॅ. कमलप्रीत सिंह, प्रबंध संचालक राज्य लघुवनोपज संघ संजय शुक्ला, सचिव वन मकुमार, स्वनीति इनीशिएटिव टीम के सदस्य तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।