सुकमा (वीएनएस)। सुकमा जिले के लिए यह बड़े गर्व की बात है कि कलेक्टर विनीत नन्दनवार के मार्गदर्शन में महिला बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक और मैदानी अमले की लगातार मेहनत से कुपोषण की दर को 14.2 प्रतिशत कम करने में सफलता हासिल किया है।
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे एनएफएचएस-4, 2016 के अनुसार संयुक्त दंतेवाड़ा जिले की कुपोषण दर 51.6 प्रतिशत थी। वहीं वर्तमान में जारी एनएफएचएस -5, 2021 में जारी आंकड़ों के अनुसार सुकमा जिले की कुपोषण दर 37.4 प्रतिशत है। इस प्रकार जिले में कुपोषण में 14.2 प्रतिशत की कमी आई है। एनएफएचएस -5, 2021 के आंकड़े के अनुसार कुपोषण दर को कम करने के मामले में सुकमा जिला ने गरियाबंद जिले के बाद पूरे राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। गरियाबंद जिले में 15.3 प्रतिशत कुपोषण में कमी आई है।
उल्लेखनीय है कि उम्र के अनुसार, वजन के मापदंड अनुसार 0 से 5 वर्ष के बच्चों में कुपोषण की स्थिति के आधार पर यह आंकड़ा जारी किया गया है।
सुकमा (वीएनएस)। पढ़ई तुहंर दुआर-2.0 के तहत पठन, लेखन, गणितीय कौशल एवं सामाजिक विज्ञान तथा विज्ञान के प्रोजेक्ट की प्रतियोगिता का विकासखण्ड स्तरीय आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोण्टा में सम्पन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विकासखण्ड कोण्टा के संकुल स्तर पर चयनित प्रतिभागी शामिल हुये।
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एस. के. दीप ने किया। इस अवसर पर खण्ड स्त्रोत समन्वयक महेन्द्र बहादुर सिंह, सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी पी. श्रीनिवास राव, प्राचार्य सहदेव सिंह, दुसन लाल मार्गे, वरिष्ठ शिक्षक बी. विश्वेश्वर राव, बी. शैल कुमारी, सुशील कुमार श्रीवास, टी. श्रीनिवास वासू, डी.व्ही.एस. प्रसाद एवं अन्य शिक्षक उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक जगमोहन, जी. मलेश ने किया। बच्चों के द्वारा बनाये गये मॉडल, सृजनात्मक लेखन एवं पठन, गणित कौशल के प्रस्तुतीकरण पर अधिकारियों ने संतोष जाहिर करते हुए प्रोत्साहित कर जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
विकासखण्ड स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में सृजनात्मक लेखन कौशल की विधा में संकुल केन्द्र कोण्टा-1 के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोण्टा की छात्रा कु. वेट्टी सानिया ने प्रथम एवं संकुल केन्द्र कोण्टा के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला अंग्रेजी माध्यम कोण्टा की छात्रा कु. इस्मिता राय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान प्रोजेक्ट प्रदर्शन की विधा में संकुल केन्द्र कोण्टा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोण्टा के छात्र दिवाकर यादव ने प्रथम एवं संकुल केन्द्र कोण्टा के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला अंग्रेजी माध्यम कोण्टा के छात्र यश मण्डल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
पठन कौशल की विधा में संकुल केन्द्र पेण्टा के कन्या आश्रम नागलगुण्डा के विद्यार्थी कु. शेख जास्मिन ने प्रथम एवं कु. मड़कम कविता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गणित कौशल की विधा में संकुल केन्द्र कोण्टा-1 के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कोण्टा के विद्यार्थी निखिल कुमार प्रथम एवं तरुण सलवम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सामाजिक विज्ञान प्रोजेक्ट फाईल की विधा में संकुल कोण्टा के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कोण्टा की छात्रा कु. खुशी मण्डल ने प्रथम एवं शासकीय कन्या माध्यमिक शाला अंग्रेजी माध्यम कोण्टा की छात्रा कु. शिवानी नाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजयी प्रतिभागियों को विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी के द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया।
सुकमा (वीएनएस)। ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए जिला नोडल डिप्टी कलेक्टर श्रीकांत कोराम नेे नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत समस्त सेक्टर अधिकारी, वार्ड प्रभारी, चौक चौराहों में संलग्न किए कर्मचारियों की बैठक रविवार को कोविड वार रूम, पुराना कलेक्ट्रेट परिसर में ली गई। जिसमें सभी अधिकारियों कर्मचारियों को नागरिकों को कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाने व मास्क अनिवार्य रुप से पहनने, पॉजिटिव आने वाले केस का कांटेक्ट ट्रसिंग करना व प्राइमरी कांटेक्ट का होम क्वारंटीन करने के साथ ही समारोह में 200 व्यक्ति से ज्यादा शामिल ना हों, इन सभी को लागू करवाने के लिए विशेष निर्देश दिये गए।
बैठक में कॉविड जिला नोडल अधिकारी श्रीकांत कोराम, कोविड-वार रूम प्रभारी आशीष राम, प्रदीप नायर कांटेक्ट ट्रेसिंग प्रभारी सौरव उप्पल, ब्लॉक कांटेक्ट ट्रेसिंग नोडल अधिकारी प्रफुल्ल डेनियल, नगर पालिका सुकमा के नोडल अधिकारी विकास राठौर, सेक्टर प्रभारी वार्ड प्रभारी एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।
सुकमा (वीएनएस)। जिले में स्थित तेमेलवाड़ा कैम्प में कोबरा बटालियन के 38 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैम्प में करीब 75 जवानों का कोरोना टेस्ट किया गया है। जिनमें 38 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
जानकारी के अनुसार ये सभी जवान हाल ही में छुट्टी से लौटे थे। छुट्टी से लौटने के बाद इनका कोरोना टेस्ट किया गया जिसमें इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। पीड़ित सभी जवान तेमेलवाड़ा कैम्प में कोबरा बटालियन के हैं। फिलहाल इन जवानों का एंटीजन टेस्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद इन सभी को कैम्प के बैरक में ही क्वारंटाइन किया गया है।
सुकमा (वीएनएस)। खनिज अधिकारी सुकमा ने बताया कि खनिज अमला द्वारा 31 दिसम्बर को दोपहर 02 बजे संबंधित शिकायत जगह शबरी नदी ग्राम पंचायत फंदीगुड़ा, तहसील-कोंटा, जिला-सुकमा का स्थल निरीक्षण किया गया। उक्त रेत घाट चिटलूरी पदमावती, निवासी-सुकमा नंबर 22 पुरानी बस्ती, कोंटा को खसरा क्रमांक 174 रकबा 5ः00 हेक्टेयर क्षेत्र में अवधि 28.04.2021 से 27.04.2023 तक (02 वर्ष) के लिए स्वीकृत है।
मौका जांच में रेत खदान संचालित पाया गया एवं वाहनों में नियमानुसार अभिवहन पास के माध्यम से खनिज रेत का परिवहन किया जाना पाया गया। रेत खदान पट्टेदार की तरफ से पट्टा शर्तों के अधीन खदान संबंधित विवर्णिका बोर्ड एवं खदान की सीमा दर्शाने वाले सीमा स्तम्भ नहीं लगे पाये गये तत्संबंध में पट्टेदार को नियमानुसार निराकरण करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
उन्होंने बताया कि शैलेन्द्र बहादुर सिंह ग्राम-ढोण्डरा, तहसील-कोण्टा, जिला-सुकमा के खसरा क्रमांक 112 रकबा 1.00 हेक्टेयर क्षेत्र पर अस्थाई अनुज्ञा खनिज साधारण पत्थर अवधि 02 वर्ष के लिए स्वीकृत है। मौका निरीक्षण में खदान संचालित पाया गया एवं वाहनों में नियमानुसार अभिवहन पास के माध्यम से खनिज साधारण पत्थर का परिवहन किया जाना पाया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि ग्राम चिपुरपाल में कुल 414 परिवार, 2250 सदस्य निवासरत हैं। जिन्हें शत प्रतिशत हेल्थ कार्ड उपलब्ध करा दिया गया है। हेल्थ कार्ड के जरिए अब चिपुरपाल के ग्रामीण डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना सहित अन्य स्वास्थगत योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत शासकीय या निजी अस्पतालों में पात्रतानुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
कैंसर, हदय रोग, बच्चों के दिल की गंभीर बीमारी एवं अन्य जटिल रोगों के उपचार में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा :
आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत प्राथमिकता और अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए एवं अन्य राशन कार्ड धारी परिवारों को 50 हजार तक की चिकित्सा सुविधा राज्य के किसी भी पंजीकृत निजी एवं शासकीय चिकित्सालय में प्रदान की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के लिए राज्य के पात्र परिवारों को राज्य स्तर तथा प्रदेश के बाहर स्थित तथा योजनांतर्गत पंजीकृत सुपर स्पेशिलिटी एवं मल्टी स्पेशिलिटी चिकित्सालयों में अधिकतम 20 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है।
उल्लेखनीय है कि हेल्थ कार्ड के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिकों को एक यूनिक नम्बर प्रदाय किया जाएगा। जो कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अन्तर्गत रजिस्टर्ड होगा जिसमें उनके सभी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डेटा के रूप से सुरक्षित रहेगा। जिससे संबंधित व्यक्ति की स्वास्थ्य की जानकारी, पूर्व की बीमारियों एवं दवा की जानकारी प्राप्त होगी जो मरीज के उपचार में सहायक होते हैं। इस कार्ड के जरिए कई तरह की बीमारियों की स्क्रीनिंग में शामिल किया गया है। जिसमें बी.पी., मधुमेह, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, हदय रोग, बच्चों के दिल की गंभीर बीमारी एवं अन्य जटिल रोगों के साथ अन्य कई बीमारियों को शामिल किया गया है। ’’आपके द्वार आयुष्मान अभियान’’ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत पात्र समस्त हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा कॉमन च्वाईस सेंटर में निःशुल्क बनाया जा रहा है।
विदित हो कि जिला प्रशासन द्वारा ग्राम चिपुरपाल को जिले के आदर्श ग्राम के रुप में स्थापित किए जाने की दिशा में निरंतर रुप से कार्य किया जा रहा है। यहाँ के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, पोषण, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल आदि मूलभूत जरुरतों को पूर्ण करने के साथ ही स्थानीय तौर पर प्रशिक्षण भी प्रदाय किया जा रहा है। चिपुरपाल को आदर्श ग्राम के रुप में विकसित करने हेतु सभी विभागों द्वारा विभिन्न कार्य और विभागीय योजनाओं के तहत लाभ प्रदाय किया जाता है।

सुकमा (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर पहल करते हुए संपूर्ण प्रदेश में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों का संचालन प्रारंभ किया गया है। इसी कड़ी में इस सत्र से ब्लॉक मुख्यालय कोण्टा में भी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में यह संस्था ब्लॉक मुख्यालय कोंटा के ओड़िया पारा में संचालित किया जा रहा है। शीघ्र ही इस संस्था को नवनिर्मित भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
स्वामी आत्मानंद विद्यालय को सुदृढ़ और शासन की मंशा के अनुरूप विकसित किए जाने के लिए लगातार इस संस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर सुकमा के द्वारा इस संस्था के संचालन की लगातार समीक्षा किया जाता है।
इसी कड़ी में आज हेमन्त उपाध्याय संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग बस्तर संभाग के द्वारा शाला का औचक निरीक्षण किया गया। संयुक्त संचालक के द्वारा सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया गया। संयुक्त संचालक ने विद्यार्थियों से उनके स्तर की जांच भी किया और संतोष जाहिर किया। इस दौरान वे संस्था के सभी शिक्षकों से भी चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए उन्हें प्रोत्साहित भी किया।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.के.दीप, खण्ड स्रोत समन्वयक महेंद्र बहादुर सिंह, सहायक खण्ड शिक्षा अधिकारी पी.श्रीनिवास राव, संस्था के प्रधान अध्यापक टी.श्रीनिवास राव मौजूद रहे।
सुकमा (वीएनएस)। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र सुकमा, कलेक्टोरेट परिसर (रोजगार कार्यालय) में 5 जनवरी को प्लेसमेन्ट कैम्प का आयोजन करने जा रहा है। इस प्लेसमेंट कैम्प में नीजि क्षेत्र के नियोजक भारतीय जीवन बीमा निगम दंतेवाड़ा और छत्तीसगढ़ का पहरेदार अम्बिकापुर द्वारा जिला सुकमा में कार्य करने के लिए भर्ती की जाएगी। इस प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से नीजि क्षेत्र में नियोजित होने के पात्र एवं इच्छुक युवक-युवती अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता, निवास-जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि, मूल दस्तावेज, छायाप्रति एवं पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ सहित प्लेसमेंट कैम्प में उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
भारतीय जीवन बीमा निगम दंतेवाड़ा, सुकमा जिले के लिए 20 एलआईसी एजेंट की भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता 10वीं उत्तीर्ण है।
इसी प्रकार नियोजक छत्तीसगढ़ का पहरेदार अम्बिकापुर सुकमा में कंप्यूटर आपरेटर 1 पद, ब्यूरो चीफ 1, रिपोर्टर 10, कार्यालय सहायक के 1 पद की भर्ती की जाएगी। कंप्यूटर आपरेटर के लिए योग्यता 12वीं और कम्प्यूटर उत्तीर्ण, ब्यूरो चीफ के लिए निर्धारित योग्यता स्नातक, रिपोर्टर और कार्यालय सहायक के लिए हाई स्कूल उत्तीर्ण है। कंप्यूटर आपरेटर और रिपोर्टर के लिए वेतन सात हजार, ब्यूरो चीफ दस हजार, कार्यालय सहायक के लिए वेतन पांच हजार है।
प्लेसमेंट कैम्प स्थल पर उपस्थित होने वाले आवेदकों के लिए कोविड-19 महामारी के संक्रमण के नियंत्रण के लिए फेस मास्क लगाना एवं सोशल डिस्टसिंग का पालन करना अनिवार्य है।