अंबिकापुर (वीएनएस)। अंबिकापुर में पैसा डबल करने के नाम पर सैकड़ों लोगों को ठग कर फरार हुए आरोपी युवक को कोतवाली पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। इधर आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से 5 जनवरी तक आरोपी को रिमांड पर लिया है। आरोपी के कोतवाली थाने में होने की सूचना मिलने पर रविवार को ठगी का शिकार हुए लोग कोतवाली थाने पहुंचे हुए थे।
अंबिकापुर में रुपए डबल करने के नाम पर शहर के लोगों को करोड़ों रुपए चूना लगाने वाला फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने नेपाल बॉर्ड से गिरफ्तार किया है। विशेष पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से 4 जनवरी तक आरोपी को रिमांड पर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोमिनपुरा निवासी प्रार्थी अफसर अली ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वो मोमिनपुरा निवासी सोहेल उर्फ हामिद रजा पिता मुनीर अंसारी को विगत 4-5 माह से जानता पहचानता था। करीब 3-4 माह पूर्व सोहेल उर्फ हामिद रजा इससे मिला और बताया कि वो एक कंपनी में काम करता है और कंपनी कम समय में लोगों के लगाये गये रूपयों को डबल कर वापस करती है। अम्बिकापुर शहर के कई लोगों ने हमारी कंपनी में रूपया इन्वेस्ट किया हुआ है। जिसे कंपनी ने 1-2 माह में ही पैसा डबल कर वापस किया है। पार्थी हामिद रजा के बातों में आकर 3 से 18 दिसंबर के बीच कमश: 365000, 10000, 30000, 20000, 150000 रुपए जमा कराया था। जिसमें प्रार्थी को पैसा दुगुना कर वापस करने का वादा किया था। इसके बाद परिपक्वता अवधि पूर्ण होने के पश्चात उसका रूपया वापिस नहीं किया गया और लोगों को जानकारी हुई की हामिद शहर के कई लोगों को रुपए डबल करने के नाम पर करोड़ों रुपए लिया है और वह घर से फरार हो गया है। आरोपी द्वारा जमाकर्ताओं को जमा पावती तथा परिपक्वता अवधि का अलग-अलग बैंको का चेक भी दिया गया है। हामिद रजा व कंपनी के संचालकों के द्वारा प्रार्थी तथा अन्य लोगो को झूठा कथन कर ठगा गया है। इस पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। इधर मुखबीर के सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोहेल उर्फ हामिद रजा को नेपाल बॉर्ड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विशेष पूछताछ के लिए न्यायालय से 5 जनवरी तक आरोपी को रिमांड पर लिया है। इधर रविवार को जब पीड़ितों को जानकारी लगी कि आरोपी को पूछताछ के लिए थाने में लाया गया है तो कई लोग पुलिस से पैसा मांग ले थाने पहुंचे हुए थे। हालांकि पुलिस ने पीड़ितों को आरोपी से मिलने नहीं दिया। वहीं पुलिस की समझाइश के बाद सभी पीड़ित वापस लौट गए। फिलहाल इस ठगी के मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

अम्बिकापुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा 2 जनवरी 2022 को आयोजित ज्येष्ठ संपरीक्षक एवं सहायक संपरीक्षक तथा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल भर्ती परीक्षा में 9241 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 2451 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में ज्येष्ठ संपरीक्षक एवं सहायक संपरीक्षक की भर्ती परीक्षा प्रातः 9ः00 बजे से दोपहर 12ः15 बजे तक 22 परीक्षा केन्द्रों में एवं द्वितीय पाली में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल भर्ती परीक्षा अपरान्ह 2ः00 बजे से शाम 5ः15 बजे तक 5 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित हुई।
परीक्षा के नोडल अधिकारी प्रवीण भगत ने बताया कि प्रथम पाली में आयोजित ज्येष्ठ संपरीक्षक एवं सहायक संपरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए 9 हजार 273 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था जिसमें से 7426 ने परीक्षा दी और 1847 ने तथा द्वितीय पाली में आयोजित सहायक परियोजना क्षेत्रपाल भर्ती परीक्षा के लिए 2 हजार 419 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था जिसमें से 1815 ने परीक्षा दी और 604 ने नहीं दी।

अम्बिकापुर (वीएनएस)। कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं को विविध प्रकार के रोजगारमूलक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। सुराजी ग्राम योजना अंतर्गत निर्मित गौठानों में इन महिला स्व-सहायता समूहों के द्वारा गोबर से वर्मी खाद निर्माण, वर्मी खाद उत्पादन, सब्जी उत्पादन, मछलीपालन आदि आयमूलक कार्य किया जा रहा है। सीतापुर विकासखण्ड के ग्राम लीचिरमा की ज्योति स्व-सहायता समूह औऱ आशा स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने नए-नए आय के साधन अपनाकर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है। इन महिलाओं की लगन और सूझ-बूझ रोचक और प्रेरणादायक है।
कुशल वित्तीय प्रबंधन से आय का साधन किया सुदृढ़- स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती तारामुनि एक्का ने बताया कि शुरुआत में महिलाएं समूह से जुड़ने को हिचकिचा रही थी। लेकिन जिला प्रशासन की बिहान शाखा के अधिकारियों द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने से संगठन को मजबूती मिली। वर्तमान में समूह में 21 सदस्य हैं। समूह के बनते ही महिलाओं ने कुछ धनराशि एकत्रित करती गई। वहीं 3 महीने के पश्चात् आरएफ राशि प्राप्त हुई। हमने इस वर्ष 257 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट बेचकर 97850 रुपये का आय अर्जित किया गई। इसके अलावा बरबट्टी से 4500, मूंगफली से 6000, शकरकंद से 2200, अरहर से 5600, केंचुआ खाद बिक्री से 9187 तथा नेपियर घास बेचकर 2800 रुपये की आय प्राप्त की। इस तरह से स्व-सहायता समूह की दीदियों के द्वारा विगत एक वर्ष में कुल 1 लाख 28 हजार 137 रुपये की आय अर्जित की गई। गोठान में दाल मिल, आटा मिल, तेल मिल यूनिट औऱ बटेर पालन प्रस्तावित है।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शैलेंद्र विशी ने बताया कि आदर्श गोठान लीचिरमा में वर्मी कंपोस्ट तथा सुपर कंपोस्ट का उत्पादन किया जा रहा है। यहां उन्नत किस्म का मूंगफली, मक्का और अरहर की खेती की जा रही है। इसके साथ शकरकंद भी लगाया गया है। पशुओं के चारा के लिए नेपियर घास भी लगाया गया है। इस वर्ष से तालाब में मछली पालन का कार्य भी किया जा रहा है। कुशल वित्तीय प्रबंधन से आज समूह की महिलाओं को दोहरी आय प्राप्त हो रही है।

अंबिकापुर (वीएनएस)। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव इन दिनों सरगुजा जिले के प्रवास पर है। आज रविवार को मंत्री सिंहदेव का दरिमा क्षेत्र में दौरा प्रस्तावित था। इस दौरान वे कई कार्यक्रमों में शामिल होने वाले थे। लेकिन अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मंत्री सिंहदेव के सभी कार्यकर्ताओं को रद्द कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदलते मौसम की वजह से स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की तबियत बिगड़ी है। हालांकि सर्दी खासी की शिकायत होने से प्रिकॉशन के तौर पर मंत्री सिंहदेव की कोविड जांच कराई गई है। शनिवार की देर शाम कोविड जांच के लिए स्वास्थ्य मंत्री का सैम्पल लेकर आरटीपीसीआर के लिए भेजा गया है। हालांकि अबतक रिपोर्ट नहीं आने की वजह से मंत्री टीएस सिंहदेव अपने निजी निवास तपस्या में खुद को होम आइसोलेट कर लिए हैं। मंत्री सिंह देव का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
अनुमात लगाया जा रहा है कि बदलते मौसम की वजह से स्वास्थ्य मंत्री की तबियत बिगड़ी है। बहरहाल देर शाम तक मंत्री सिंह की कोरोना रिपोर्ट आने के बाद उसके स्वास्थ्य की स्थिति ओर भी साफ हो जाएगी।