हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बाढ़ के बीच पार्षद ने संभाला राहत-रेस्क्यू मोर्चा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बोले—आपदा में प्रभावितों तक राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए
जगदलपुर। विगत दिनों से बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश और इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। इसी बीच चंद्रशेखर आजाद वार्ड की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जलभराव से सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए, जहां स्थानीय युवा पार्षद लोकेश चौधरी ने देर रात तक राहत एवं रेस्क्यू अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
कॉलोनी में पानी बढ़ने के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। लोकेश चौधरी खुद मौके पर मौजूद रहे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे रहे। रेस्क्यू अभियान रात करीब 3 बजे तक जारी रहा और पार्षद इस दौरान मौके पर डटे रहे। उन्होंने यथासंभव प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में भी सहयोग किया।
शंकर राव ने प्रशासन की राहत व्यवस्था पर उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश सचिव शंकर राव लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में रहे और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की स्थिति की जानकारी लेते रहे। उन्होंने कॉलोनी में राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के दौरान प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शंकर राव ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं और ऐसे समय में राहत एवं बचाव व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मदद की जरूरत के बीच स्थानीय पार्षद लोकेश चौधरी लोगों के बीच मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते नजर आए।
उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री, सुरक्षित निकासी और आवश्यक सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने की मांग की।
बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में एक ओर युवा पार्षद लोकेश चौधरी रात 3 बजे तक मौके पर रहकर रेस्क्यू में जुटे रहे, वहीं शंकर राव प्रशासन के लगातार संपर्क में रहकर राहत व्यवस्था पर सवाल उठाते और आवश्यक सहायता की मांग करते रहे।



