Home Uncategorized निर्माणाधीन सड़क पर बड़ा हादसा: वरिष्ठ पत्रकार सौरभ दुल्हानी की पत्नी रूबी...

निर्माणाधीन सड़क पर बड़ा हादसा: वरिष्ठ पत्रकार सौरभ दुल्हानी की पत्नी रूबी दुल्हानी गंभीर रूप से घायल, निर्माण कार्य के ठेकेदार तनय चौधरी के कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, PWD से उच्चस्तरीय जांच की मां

61

 

मोतीतालाब पारा से अनुपमा चौक तक निर्माणाधीन सड़क पर 26 जुलाई को बीएमएस मॉल के समीप हुआ हादसा, नाली निर्माण कार्य के दौरान अव्यवस्थित निर्माण सामग्री व सुरक्षा व्यवस्थाओं पर पीड़ित पक्ष ने उठाए सवाल

जगदलपुर, 31 जुलाई | जगदलपुर शहर में मोतीतालाब पारा से अनुपमा चौक तक लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीन सड़क निर्माण कार्य जारी है। इसी निर्माणाधीन मार्ग पर 26 जुलाई को बीएमएस मॉल के समीप हुए एक गंभीर सड़क हादसे में शहर के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ दुल्हानी की पत्नी रूबी दुल्हानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके बाएं हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ, जिसके बाद चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन कर टाइटेनियम प्लेट लगानी पड़ी। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।

रूबी दुल्हानी के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब वे निर्माणाधीन सड़क से होकर गुजर रही थीं। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर सड़क के साथ-साथ नाली निर्माण कार्य भी चल रहा था तथा निर्माण सामग्री, जिनमें गिट्टी, पत्थर एवं अन्य सामग्री शामिल थी, सड़क पर अव्यवस्थित रूप से पड़ी हुई थी। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, डायवर्जन तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से नहीं थीं। उनके अनुसार यदि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन किया गया होता तो संभवतः यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

उक्त निर्माण कार्य के ठेकेदार तनय चौधरी हैं। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि घटनास्थल पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्धारित सुरक्षा मानकों, निर्माण सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा आम नागरिकों की सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन किया गया था या नहीं। यदि जांच में किसी स्तर पर नियमों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार जिम्मेदारी तय की जाए।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भी निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर, डायवर्जन एवं सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि आमजन दुर्घटनाओं का शिकार न हों।

इस संबंध में वरिष्ठ पत्रकार सौरभ दुल्हानी ने कहा कि वे इस पूरे मामले को लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य से संबंधित सभी दस्तावेज, कार्यादेश, स्वीकृत सुरक्षा मानकों तथा घटनास्थल पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया या किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी हुई है, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे मामले को माननीय न्यायालय में भी चुनौती दी जाएगी, ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

गौरतलब है कि हादसे में घायल रूबी दुल्हानी शहर के वरिष्ठ पत्रकार साधुराम दुल्हानी की बहू एवं वरिष्ठ पत्रकार सौरभ दुल्हानी की पत्नी हैं। घटना के बाद पत्रकार जगत एवं सामाजिक संगठनों में भी इस मामले को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है तथा निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here