जगदलपुर। इंद्रावती नदी के बढ़े जलस्तर के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में बनी बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच सामाजिक सरोकार से जुड़े लोग लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में शहर के वरिष्ठ पत्रकार हसन राजा अपनी टीम के साथ लगातार रेस्क्यू और राहत कार्यों में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
हसन राजा सुबह से लेकर देर रात तक अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटे हुए हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, भोजन-पानी एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और संकट में फंसे लोगों की मदद करने के लिए उनकी टीम लगातार मैदान में काम कर रही है।
बाढ़ की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद हसन राजा स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का समन्वय करते दिखाई दे रहे हैं। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बाढ़ जैसी आपदा के दौरान पत्रकारों की भूमिका सामान्य तौर पर घटनाओं को सामने लाने और लोगों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने की होती है, लेकिन हसन राजा ने इस संकट की घड़ी में रिपोर्टिंग के साथ-साथ प्रत्यक्ष राहत कार्य में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
उनकी टीम का लगातार मैदान में रहना और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। संकट की इस घड़ी में समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों द्वारा अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में योगदान देना बस्तर की सामाजिक एकजुटता को भी सामने लाता है।
बाढ़ का पानी भले ही धीरे-धीरे उतर रहा हो, लेकिन इस संकट के बीच मानवता के लिए मैदान में डटे लोगों की भूमिका लंबे समय तक याद रखी जाएगी।




