
जगदलपुर। बस्तर जिले के बोधघाट थाना को उत्कृष्ट पुलिसिंग, जनसेवा एवं प्रभावी कानून-व्यवस्था के लिए भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ का “सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना” घोषित किए जाने पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने थाना प्रभारी लीलाधर राठौर तथा उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि सज्जनों के मन में पुलिस के प्रति सम्मान तथा अपराधियों के मन में कानून का भय स्थापित करने की दिशा में बोधघाट थाना ने उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक थाना की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी छत्तीसगढ़ पुलिस के समर्पण, जनसेवा और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है।
उन्होंने थाना प्रभारी लीलाधर राठौर सहित बोधघाट थाना के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य पुलिस थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
गौरतलब है कि बोधघाट थाना लगातार अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, जनसहभागिता, सामुदायिक पुलिसिंग तथा बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया है, जिससे बस्तर जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।




